रादौर/यमुनानगर/सोहन पोरिया
76वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में अनाज मंडी रादौर में उपाध्यक्ष हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद प्रोफेसर एस.के. गक्खड़ ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली व लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सन् 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला है। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों के साथ-साथ उन जांबाज जवानों को भी सलाम करती हूं, जिन्होंने आजादी के बाद देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा दी। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में हरियाणा प्रदेश का भी अहम योगदान रहा है। आज भी हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं। यही कारण है कि आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है। उन्होंने 76वें गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि 75 वर्ष पहले सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला। आज इस अवसर पर, मैं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के तमाम सदस्यों को नमन करता हूं, जिनकी बदौलत ही भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र व गणराज्य देश कहलाता है। हमारे संविधान में समाज के कमजोर वर्गों, पिछड़े लोगों और अनुसूचित जाति के लोगों के उत्थान के लिए जो व्यवस्थाएं की हैं वह भी बाबा साहेब की देन है। उन्होंने भारत के संविधान का मसौदा तैयार करते समय ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां सभी लोग खुश हों। सभी को इंसाफ मिले और सभी को बराबर के हक मिलें। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज हम भारत के संविधान का 76वां गणतंत्र महोत्सव मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपत राय, सरदार वल्लभ भाई पटेल, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ा संघर्ष किया। शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्र शेखर आजाद और उधम सिंह जैसे क्रांतिकारियों के बलिदानों के कारण ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत में ‘‘पूर्ण स्वराज‘‘ के लिए लम्बे समय तक संघर्ष किया है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि उनकी आने वाली पीढिय़ां किसी की गुलाम बनकर न रहे और स्वतंत्र रूप से अपने अधिकारों का निर्वहन कर सके। आजादी की लड़ाई में हरियाणा प्रदेश का भी अहम योगदान रहा है। आज भी हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं और यहीं कारण की देश की सशस्त्र सेनाओं में हर दसवां सिपाही हरियाणा से है। आपको बताना चाहूंगा कि ने हरियाणा अग्निवीर नीति 2024 क्रियान्वित कर अग्निवीरों को सुरक्षा कवच प्रदान कर दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि हर क्षेत्र में भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार, परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे मिल रहा है, उसी प्रकार, कृषि क्षेत्र में ’मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोड़ा गया है। आज खेल जगत में हरियाणा का बडा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। हमारी सरकार द्वारा मैडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। अवार्ड पाने वाले खिलाडिय़ों को मासिक मानदेय भी दिया जाता है। उन्होंने कहा कि हमने गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश को लाल डोरा मुक्त बनाना व महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए एक-तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया है। ‘अटल किसान मजदूर कैंटीन’ व वीटा बिक्री केन्द्रों का संचालन भी महिलाओं को सौंपा गया है। बहन-बेटियों को उच्चतर शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ग्रुप सी के लगभग 25 हजार से अधिक अभ्यार्थियों का परिणाम घोषित किया तो मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वायदा किया था कि वे मुख्यमंत्री पद की शपथ बाद में लेंगे, पहले चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देंगे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से किया अपना वायदा पूरा किया। प्रदेश में वर्ष 2014-15 में खाद्यान्न उत्पादन 153.54 लाख टन था, जो कि वर्ष 2023-24 में बढक़र 208.80 लाख टन हो गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिसंबर 2018 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आरंभ की गई थी, जिसके अन्तर्गत साल में तीन बार 2000-2000 रुपये की तीन किस्त किसान परिवार को उपलब्ध करवाई जाती है। हरियाणा के किसानों की शत प्रतिशत फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है। प्रदेश में 72 सिविल अस्पतालों, 122 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, 532 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और 2734 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यमुनानगर में 800 मेगावाट का प्लांट लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे हिंसा एंव भेदभाव मुक्त वातावरण में विकास प्रक्रिया में बराबरी का योगदान देते हुए शान से रहे सकें तथ बच्चों की अच्छी देखभाल के साथ एक सुरक्षित वातावरण दे सकें। प्रदेश में गिरते लिंगानुपात रोकने तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 22 जनवरी, 2015 को पानीपत की ऐतिहासिक धरा से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ‘ कार्यक्रम की शुरुआत की थी। सरकार के प्रयासों से अब 10 वर्षों बाद प्रदेश का लिंगानुपात 861 से बढक़र 910 पहुंच गया है। इसमें और सुधार के संजीदगी से प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मौके पर रादौर के एसडीएम जयप्रकाश, रादौर के बीडीपीओ श्यामलाल, खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार, एसएमओ डॉ. विजय परमार, डॉ. पल्लवी, तहसीलदार सुदेश मेहरा, खंड कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार, सीडीपीओ कुसुम लता, एसएचओ राजेंद्र, मानसिंह आर्य, मंडल अध्यक्ष कृष्ण कंबोज, पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, ब्लॉक समिति चेयरमैन विपिन कंबोज, कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन धर्म सिंह, धनपत सैनी, सुशील बत्रा, पीटीआई राकेश पांचाल, पवन कुमार, देवेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।