पॉलिथीन का इस्तेमाल न कर बाजार से सामान लाने के लिए घर से लेकर जाए कपड़े के थैले – डा. विजय पाल यादव

105

यमुनानगर/सोहन पोरिया
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में शहर को को सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग दिलवाने के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न गतिविधियां की जा रही है। लोगों में स्वच्छता की अलख जगाई जा रही है। इसी कड़ी में एक सोच नई सोच संस्था के माध्यम से एंटरप्रेन्योर डेवलपमेंट प्रोग्राम (ईडीपी) अर्थात उद्यमिता विकास कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं ने अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव को वेस्ट कपड़ों से बनाए थैले भेंट किए, ताकि आम जनता को बाजार का सामान लाने के लिए घर से कपड़ों के थैले लेकर जाने के लिए जागरूक किया जा सके।

इस दौरान अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव ने महिलाओं के साथ बैठक की और उन्हें इस कार्य में और महिलाओं को जोड़कर उद्यमिता के साथ शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यह संस्था का सराहनीय प्रयास है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी और स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत शहर को सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग दिलवाने में मददगार भी होगी। डॉ यादव ने महिलाओं और संस्था को आश्वासन दिया कि नगर निगम इस कार्य में उनका सहयोग करेगा ताकि अन्य महिलाएं जो समाज सेवा में अपना योगदान देना चाहती है उनको भी राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने आईइसी एक्सपर्ट पूजा अग्रवाल व संस्था के संस्थापक शशी गुप्ता को निर्देश दिए कि वे बाजारों में जाकर लोगों को पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने और घर से कपड़े के थैले लाने के प्रति जागरूक करें। वहीं उन्होंने आमजन से अपील की कि वे खुले में कचरा न डाले। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बेहतर रैंक दिलाने और शहर को साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। मौके पर कविता, रजनी, रेखा, मानिया, आरती, मोनिका, सविता, बबिता, मीना, ललिता, सोनी आदि मौजूद रहें।