सुबह सैर करने स्वयं पहुंचे करनाल के विधायक जगमोहन आनंद
सैर करने पहुंची जनता ने जगमोहन आनंद को किया धन्यवाद
करनाल/मोहित वर्मा
करनाल शहर की जनता के लिए आखिरकार एनडीआरआई के द्वार सैर करने के लिए शुक्रवार को खुल गए। सुबह-सुबह सैर करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसके साथ-साथ करनाल के विधायक जगमोहन आनंद भी पहुंचे। आमजन ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण व करनाल के विधायक जगमोहन आनंद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हीं की बदौलत एनडीआरआई के गेट आमजन के लिए खुले हैं।
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हर रोज प्रातः: 5 बजे से 7 बजे तक तथा सायं 5 बजे से 7.30 बजे तक एनडीआरआई के अंदर सैर कर सकेंगे। अब शहरवासी सुबह व शाम को सैर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि करनाल वासियों से जुड़ी समस्याओं का हल करवाना उनकी प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में करनाल शहर में निरंतर विकास के कार्य हो रहे हैं। यदि किसी व्यक्ति की कोई समस्या है तो वह सीधे उनके कैंप कार्यालय में संपर्क कर सकता है।
विधायक जगमोहन आनंद ने की आमजन के साथ सैर, बाद में ली चाय की चुस्की
विधायक जगमोहन आनंद सुबह-सुबह 5 बजे सैर के लिए एनडीआरआई गेट पहुंच गए थे। वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्होंने विधायक का तहे दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने सभी से मुलाकात की और उनके साथ एनडीआरआई में सैर की। इसके उपरांत उन्होंने आमजन के बीच बैठकर चाय पी। उन्होंने कहा कि करनाल शहर का विकास उनके लिए सर्वोपरि है। शहर से जुड़े सभी विकास कार्यों की निरंतर समीक्षा हो रही है, इन कार्यों में और तेजी लाई जाएगी।