यमुनानगर/ मोहित वर्मा
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के उपलक्ष में 9 से 11 दिसम्बर 2024 को तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय गीता महोत्सव का आयोजन यमुनानगर के दशहरा ग्राउंड, मॉडल टाउन में किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जगाधरी के एसडीएम सोनू राम व नगराधीश पीयूष गुप्ता ने दशहरा ग्राउंड में पहुंचकर नगर निगम के अधिकारियों को ग्राउंड की साफ-सफाई व मरम्मत करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जगाधरी के एसडीएम सोनू राम ने कहा कि जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी, शोभा यात्रा निकाली जाएगी, गीता जी पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जिला के लोगों से अपील की है कि वह अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव में गीता हवन, यज्ञ, पूजन, गीता क्वीज व पेंटिंग, गीता आरती, गीता श्लोक उच्चारण आदि की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी और सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों द्वारा गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव में सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं व सरकारी विभागों द्वारा झांकियां निकाली जांएगी, झांकियों के साथ स्कूल, कॉलेजों के विद्यार्थी व शहर के लोगों को भी शामिल किया जाएगा। इसी प्रकार गीता श्लोकउच्चारण कार्यक्रम 11 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे किया जाएगा, इसमें विभिन्न स्कूलों के 3500 विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 11 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे नगर में शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी। इस मौके पर डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, एआईपीआरओ मनोज पाण्डेय, चीफ सिनेटरी इंस्पैक्टर हरजीत सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।