यमुनानगर, 2 फरवरी
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने नगर निगम क्षेत्र के मुकुंद बिहार कॉलोनी, ससौली, गांव अलीपुरा तथा गांव कंड्रौली का धन्यवादी दौरा कर हलके की जनता का आभार व्यक्त किया। विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पहुंचने पर गांवों के लोगों ने उनका पुष्प गुच्छ व फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जिस विश्वास व उम्मीद के साथ हलके की जनता ने उन्हें प्यार व मान-सम्मान देकर अपना जनप्रतिनिधि चुना है उसका वे दिल से धन्यवाद करते हैं और वे हलके की जनता को विश्वास दिलाते हैं कि वे जनता के विश्वास व उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और विकास कार्यों में कमी नहीं आने देंगेे। उनका ध्येय जनता की समस्याओं के समाधान एवं हलके में अधिक से अधिक विकास कार्य करवाने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि यह मेरी जीत नहीं बल्कि हलके की जनता की जीत है। उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी और उनका शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है, आप लोग काम बताते रहो और हम काम करते रहेंगे। उन्होंने सभी को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दी।
कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का भी महत्व है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाओं और उन्हें बुरी आदतों, नशा आदि से बचाओ। उन्होंने कहा कि बच्चे अगर अच्छा पढ़ेंगे तो उन्हें बिना खर्ची-बिना पर्ची के अच्छी नौकरी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सभी वर्गों को साथ लेकर हरियाणा को और आगे ले जाने का काम किया जाएगा। प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। हमारी सरकार ने अपने शासनकाल में सभी विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं और आगे भी इसी नीति पर चल विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो विकास कार्य रह गए है या अधूरे पड़े हैं उन सभी विकास कार्यों को जल्द पूरा कर दिया जाएगा ताकि जनता को उनका लाभ मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हर क्षेत्र में हर वर्ग के हित में योजनाएं बनाई जा रही है तथा महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी विशेष रूप से कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी को भाई-चारे और एकता के साथ रहने का संदेश दिया। अलीपुर के सरपंच ने मुख्यातिथि को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष जगदीश बब्बर, निवर्तमान पार्षद शिव राम, अभिषेक शर्मा, किसान मंडल नायब सिंह हरनौल, मनिकांत शर्मा, मोनिका, रेखा देवी, मंडल महामंत्री महेन्द्र चांदना, मुकेश अरोड़ा, हैप्पी खेड़ी, अलीपुर गांव के सरपंच श्रीमती रजनीश, बलकार सिंह, गांव कंड्रौली के सरपंच मांगेराम, पूर्व सरपंच कर्म सिंह, राम कुमार, रणबीर सिंह, मोहन, व गांव के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।