यमुनानगर/मोहित वर्मा
अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा व स्वच्छता के पुजारी थे। उन्होंने पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा व शांति का पाठ पढ़ाया था। उन्होंने स्वच्छ भारत का सपना देखा था। जिसे साकार बनाने में आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में स्वच्छता अभियान चलाया हुआ है। इस सपने का साकार बनाने के लिए हमें भी अपने घर, कार्यालय, आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
डा. यादव वीरवार को नगर निगम कार्यालय के सभागार में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि व शहीदी दिवस पर निगम कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान निगम अधिकारियों व कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी व देश के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान निगम कर्मियों ने महात्मा गांधी के जीवन व उनके आदर्शों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
डा. विजय पाल यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने आसपास के लोगों को स्वच्छता बनाए रखने संबंधी शिक्षा प्रदान कर राष्ट्र को एक उत्कृष्ट संदेश दिया था। उन्होंने स्वच्छ भारत का सपना देखा था, जिसके लिए वह चाहते थे कि भारत के सभी नागरिक एक साथ मिलकर देश को स्वच्छ बनाने के लिए कार्य करें। स्वच्छ भारत का सपना देखने वाले महात्मा गांधी के चश्मे पर आज स्वच्छ भारत लिखा है। जो स्वच्छ भारत का प्रतीक है। हमें भी उनके जीवन और आदर्शों से सीख लेकर देश को स्वच्छ बनाने।
सत्य, अहिंसा व शांति की राह पर चलना चाहिए। क्योंकि महात्मा गांधी हमारे राष्ट्र के मार्गदर्शक रहे। सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव के उनके विचार हमारे मार्ग को प्रकाशित करते रहते हैं। हमें उन लोगों के खिलाफ लड़ने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए जो समानता और सभी के उत्थान के उनके आदर्शों को नष्ट करना चाहते हैं। हम भारत की विविधता में एकता की रक्षा करें और सभी के लिए न्याय और समानता सुनिश्चित करें। मौके पर जेडटीओ अजय वालिया, एटीपी आशीष, निगम अभियंता राजेश शर्मा समेत सभी निगम कर्मी मौजूद रहें।