यमुनानगर/सोहन पोरिया
हरियाणा के कृषि, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने गांव सिकंदरा, हड़तान व अंटावा का धन्यवादी दौरा कर हलके की जनता का आभार व्यक्त किया। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचने पर गांवों के लोगों ने उनका बुक्के व फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि जिस विश्वास व उम्मीद के साथ हलके की जनता ने उन्हें प्यार व मान-सम्मान देकर अपना जनप्रतिनिधि चुना है उसका वे दिल से धन्यवाद करते हैं और वे हलके की जनता को विश्वास दिलाते हैं कि वे जनता के विश्वास व उनकी उम्मीदों को कभी कम नहीं होने देंगे। उनका सबसे अधिक ध्येय जनता की समस्याओं के समाधान एवं हलके में अधिक से अधिक विकास कार्य करवाने पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह मेरी जीत नहीं बल्कि हलके की जनता की जीत है। उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनका शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सभी सरपंच अगर अपने विधायक, सांसद व मंत्रियों से जितना ज्यादा सम्पर्क बनाकर रखेंगे, उतने ही विकास के कार्य गांवों में समय पर करवा सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सभी वर्गों को साथ लेकर हरियाणा को और आगे ले जाने का काम किया जाएगा। प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। भाजपा ने अपने शासनकाल में सभी विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं और आगे भी इसी नीति पर चल विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो विकास कार्य रह गए है या अधूरे पड़े हैं उन सभी विकास कार्यों को जल्द पूरा कर दिया जाएगा ताकि जनता को उनका लाभ मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा हर क्षेत्र में हर वर्ग के हित में योजनाएं बनाई जाएगी तथा महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी विशेष रूप से कदम उठाए जाएंगे।
इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष हरदीप सैनी, पूर्व मण्डल अध्यक्ष हैप्पी खेड़ी, सरपंच ऊचा चांदना सतपाल सैनी, सरपंच हड़तान राजबीर कौर, सरपंच सिकंदरा राजिन्द्र कुमार, सरपंच अंटावा रीना कुमारी, कार्यकर्ता सतपाल शर्मा, श्याम भूषण, मंगल शर्मा, गोपी सिंधु, गुरचरण, केसर सिंह, रामजी लाल, जगमाल सहित विभिन्न गांवों के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।