यमुनानगर/सोहन पोरिया
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि देश का संविधान हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का मार्ग प्रशस्त करता है। केंद्र व प्रदेश सरकार संविधान की उद्देशिका के अनुरूप आमजन को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने में अपना दायित्व निभा रही हैं, 26 नवम्बर, 1949 के दिन देश की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था। यही वह दिन है जब संविधान बनकर तैयार हुआ था। संविधान दिवस का मतलब देश के नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है।
उपायुक्त आज जीएनजी कॉलेज में हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देश में संविधान को अंगीकृत करते हुए 75 साल पूर्ण होने पर आयोजित सामूहिक भारत के संविधान उद्देशिका की शपथ दिलवाई व प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उपायुक्त ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना हमें समाज के प्रति अपने अधिकारों की जानकारी का ज्ञान कराने के साथ ही सशक्त नागरिक के रूप में निभाई जाने वाली भूमिका के उद्देश्य से अवगत कराते हुए सार्थक संदेश देती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को संविधान के बारे में विस्तार से जानकारी देने के लिए इस प्रकार के आयोजन महत्ती भूमिका निभाते हैं। जीवन को किस तरीके से समाज में यापन किया जाए वह सभी प्रकार के माध्यम संविधान में निहित हैं। उन्होंने कहा कि संविधान हमारी ताकत है व हमारा गौरव है।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार युवा समाज को नई सकारात्मक दिशा देने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए लाभान्वित कर रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में जो शब्द हम भारत के लोग लिखे गए हैं वे इस बात का प्रतीक हैं कि वास्तविक स्रोत समाज के प्रबुद्ध व्यक्ति ही हैं। यह हमारे लिए समानता, स्वतंत्रता व भाईचारे का संदेश देता है। साथ ही हमसार एकता व हमारी पहचान का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें मौलिक कर्तव्यों की भी शिक्षा दी है। यह कर्तव्य हमें अपने राष्ट्र की एकता व अखंडता को बनाए रखने, पर्यावरण की रक्षा करना, हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने की जिम्मेदारी भी सौंपता है।
इस मौके पर हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान के तहत –
करवाई गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को उपायुक्त ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। कार्यक्रम में नगराधीश पीयूष गुप्ता, सीईओ जिला परिषद वीरेंद्र सिंह ढुल,डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, कॉलेज की निदेशक डॉ. विरेन्द्र गांधी, कॉलेज प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, सदस्य, कॉलेज की प्रिंसिपल नरिन्द्र पाल कौर व अन्य स्टाफ तथा काफी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।