यमुनानगर/मोहित वर्मा
हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष इंजीनियर कृष्ण कुमार ने कहा कि अनुबंधित सफाई कर्मचारी जल्द ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड में होंगे। उन्हें वे सभी सुविधाएं मिलेगी, जो हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड के कर्मचारियों को दी जा रही हैं। जल्द ही सफाई कर्मचारियों का वेतन में बढ़ोतरी की जाएगी।
इसके लिए हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कर्मचारियों के वेतन में 10 हजार रुपये की वृद्धि करने की घोषणा की है। इंजीनियर कृष्ण कुमार वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में नगर निगम, ग्रामीण व अन्य विभागों के सफाई कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनी।
इससे पूर्व अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव, सीएसआई सुनील दत्त, एसआई अमित कांबोज, गोविंद शर्मा व अन्य ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने एक-एक कर सभी कर्मचारियों, कर्मचारी यूनियन नेताओं व महिला कर्मचारियों की समस्याएं सुनी और उनका जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।
कर्मचारियों ने उनके समक्ष नगर निगम में स्वीकृत पदों पर भर्ती करने, पुरानी पेंशन नीति बहाल करने, अनुबंधित कर्मचारियों के ईएसआई कार्ड बनवाने, हाजिरी लगाने के लिए शेड बनवाने, एरियर दिलाने, जिन सफाई कर्मियों की मृत्यु हो गई है, उनके आश्रितों को मुआवजा राशि देने, कच्चे कर्मचारियों को डीए व इंक्रीमेंट देने, त्योहारों पर छुट्टी देने समेत कई मांगें रखी।
उन्होंने कहा कि अनुबंधित सफाई कर्मचारियों को जल्द ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम में किया जाएगा। इससे उन्हें समय पर वेतन मिलेगा। ईएसआई, पीएफ, मेडिकल समेत विभिन्न सुविधाएं मिलेगी। नगर निगम द्वारा अनुबंधित सफाई कर्मचारियों का डाटा विभाग को भेज दिया गया है। जल्द ही उन्हें हरियाणा कौशल रोजगार निगम में किया जाएगा।
अधिकारियों से मांगा सफाई कर्मचारियों का डाटा, स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के दिए निर्देश –
सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनने के बाद हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने जिला सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों के सामाजिक, आर्थिक व शैक्षणिक जीवन में सुधार करने और सफाई कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने इससे पहले सफाई कर्मचारियों व ग्रामीण कर्मचारियों के सामने आने वाली समस्याओं को लेकर उनसे बातचीत की और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार प्रयत्नशील है। भविष्य में सफाई कर्मचारियों के साथ कोई दुर्घटना न घटे, इसको लेकर सरकार कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधा प्रदान करने के लिए प्रयास कर रही है। कर्मचारियों को ऋण सुविधा भी उपलब्ध करवाने पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कर्मचारियों का डाटा भी भेजने के निर्देश दिए।
साथ ही कर्मचारियों का पीएफ व ईएसआई कटता है या नहीं, इसको लेकर भी जानकारी ली। आयोग अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर हेल्थ शिविर लगाने पर जोर दिया। अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव ने बताया कि शहरी क्षेत्र में कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों की सुविधा का ध्यान में रखा जा रहा है। हाजिरी के लिए शेड व हाजिरी कक्ष बनाए जा रहे हैं। कर्मचारियों की सफाई के लिए अच्छी क्वालिटी का सामान दिया गया है। मौके पर एसडीएम जगाधरी सोनू राम, सीटीएम पीयूष गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।