यमुनानगर/मोहित वर्मा
हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश की जनता के द्वारा भाजपा को मतदान के रूप में दिए गए आर्शीवाद से तीसरी बार प्रदेश में बनी भाजपा सरकार ने अपने 10 वर्ष के शासनकाल में प्रदेश को जिस बुलंदी पर पहुंचाया व विकास के नए नए आयाम स्थापित कर देश में कीर्तिमान बनाया है जो अपने आप में एक ऐतिहासिक कार्य है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी वर्गों किसान, युवा, कर्मचारी, महिलाओं के उत्थान के लिए नई-नई सौगातें लेकर आ रहे हैं और इन सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार नई घोषणाएं कर उन्हें साथ ही पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
कृषि श्याम सिंह राणा ने बताया कि मौजूदा समय में हरियाणा प्रदेश उन्नति के शिखर पर है और जितना विकास भाजपा ने अपने 10 वर्ष के शासन काल में किया है, उतना विकास विपक्षी दलों ने अपने 70 सालों के शासनकाल में नहीं करवाया है। प्रदेश सरकार ने हर क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को क्रियान्वित करके उन्हें जनसेवा में समर्पित कर उनका लाभ जनता तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश व प्रदेश की उन्नति एवं विकास में सबसे बड़ी बाधा भ्रष्टाचार एवं भाई-भतीजावाद होते हैं, लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही सबसे पहले भाई-भतीजावाद व भ्रष्टाचार पर नकेल कसी गई है, जिसकी बदौलत प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में साफ छवि की सरकार शासन कर रही है। उन्होंने बताया कि आज हरियाणा प्रदेश में युवाओं को बिना किसी रिश्वत व पैसे के प्रदेश सरकार द्वारा रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आउटसोर्सिंग व हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित कर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है, यही भाजपा सरकार की सबसे अच्छी व निष्पक्ष सोच है।
कृषि मंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार ने अपने शासनकाल में ऐतिहासिक नीतियों, योजनाओं के साथ-साथ जनता की भलाई के फैसले लेकर प्रदेश को खुशहाल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। जनहित एवं व्यवस्था परिवर्तन के लिए गए फैसलों का ही परिणाम है आज लोगों को सरकारी योजनाओं की सुविधा घर पर ही मिल रही है। उन्होंने बताया कि किसान हित में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना,पीकेवीवाई, किसान क्रेडिट कार्ड,प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आदि अनेकों योजनाएं किसानों के लिए चलाई गई है तथा इसके अलावा किसानों को कृषि यंत्रों पर अधिक से अधिक अनुदान राशि उपलब्ध करवाना भी सरकार की पहली प्राथमिकता है।
कृषि मंत्री ने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है, युवा शक्ति विकसित देश की अग्रणी पहचान है, किसी भी देश की उन्नति में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। युवाओं की लोकतंत्र में जितनी भागीदारी होगी, देश उतना ही विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेकों योजनाएं चलाई गई है। इन योजनाओं का लाभ उठाकर युवा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश में समाज का ऐसा कोई वर्ग सरकार की योजनाओं से अछूता नहीं हैं, जिन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल केवल जनता को गुमराह कर रहे हैं और सभी विपक्षी दल मुद्दाविहीन होकर सरकार की योजनाओं पर बेबुनियादी सवाल उठा रहे है।