शिविर में आई हर शिकायत को गंभीरता से लेकर करें समाधान – डा. विजय पाल यादव

21

यमुनानगर/मोहित वर्मा
सरकार के निर्देशानुसार नगर निकाय संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय यमुनानगर-जगाधरी में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। जिनमें लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय यमुनानगर में लगे शिविर में अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने शिविर में आए हर व्यक्ति की समस्या सुनी और उनका समाधान कराने के निर्देश दिए। शिविर में निगम संबंधित दो शिकायतें दर्ज की गई। पहली शिकायत विशाल नगर कॉलोनी में पानी निकासी के लिए बनाई गई नाली के ढक्कन बदलवाने की थी।

वहीं दूसरी शिकायत वार्ड 12 के दौलतपुर गांव में नाला बंद करने से हुई पानी की निकासी की समस्या की थी। जिसमें शिकायतकर्ता सलीम ने बताया कि कुछ लोगों ने पानी निकासी के लिए निगम द्वारा बनाया गया नाला जोहड़ के पास से बंद किया हुआ है। नाला बंद होने से गंदा पानी उनके खेत में जा रहा है। जिससे फसल खराब हो रही है। अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने संबंधित सहायक अभियंता को शिकायत भेजकर तुरंत समाधान कराने के निर्देश दिए।

इनके अलावा कुछ लोग प्रॉपर्टी आईडी में लगे ऑब्जेक्शन, टैक्स के नोटिस, परिवार पहचान पत्र व अन्य समस्याएं लेकर आए। अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. यादव ने सभी की समस्या सुनी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनका त्वरित समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में आई हर शिकायत को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द उनका निवारण करें। लंबित शिकायत का तय समय सीमा से पूर्व समाधान करना सुनिश्चित करें।

निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि नगर निगम से संबंधित समस्याओं के निवारण के लिए हरियाणा सरकार के निर्देशों पर जगाधरी व यमुनानगर स्थित निगम कार्यालयों में हर कार्य दिवस पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। हर शिकायतकर्ता की शिकायत का समाधान हो। कोई भी शहरवासी निगम समस्याओं संबंधित शिकायत समाधान शिविर में कर सकता है। हमारा प्रयास है कि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का समाधान यथाशीघ्र और समय से किया जाए। मौके पर क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, सहायक निगम अभियंता राजेश कुमार, विक्की, गौरव आदि मौजूद रहे।