यमुनानगर/मोहित वर्मा
स्वच्छ सर्वेक्षण- 2024 में शहर को अव्वल स्थान पर लाने के लिए नगर निगम ने स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया हुआ है। नगर निगम द्वारा विभिन्न गतिविधियां रोज की जा रही है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने कैल डेयरी कांप्लेक्स के डेयरी संचालकों व अन्य ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने डेयरी संचालकों को नालियों में गोबर न बहाकर उससे खाद तैयार करने के बारे समझाया। साथ ही नालियों में घास व कचरा न डालने की अपील की। क्योंकि ऐसा करने से नालियां ब्लॉक हो जाती है।
स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर सीएसआई सुनील दत्त, सफाई निरीक्षकों के साथ कैल डेयरी कांप्लेक्स पहुंचे। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर वीरवार को सीएसआई सुनील दत्त, स्वच्छ भारत मिशन की एक्टिविटी एक्सपर्ट पूजा, एक सोच नई सोच के संस्थापक शशि गुप्ता व अन्य सफाई निरीक्षक कैल डेयरी कांप्लेक्स पहुंचे। यहां उन्होंने कांप्लेक्स के डेयरी संचालकों से बातचीत की।
उन्होंने डेयरी संचालकों को समझाया कि वे डेयरियों से पानी के साथ गोबर नालियों में न बहाए। गोबर नालियों व नालों में जाने से वह जाम हो जाते है। जिससे कर्मचारियों के साथ उन्हें भी परेशानी होती है। इस दौरान उन्होंने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने उन्हें समझाया कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। इससे पर्यावरण तो प्रदूषित होता ही है, साथ ही हमारा स्वास्थ्य भी खराब होता है।
उन्होंने सभी डेयरी संचालकों से अपील की कि वे डेयरी से निकलने वाले गोबर का एक स्थान पर रखे। उससे खाद तैयार करें। इसे खेतों व बागवानी में इस्तेमाल करें या बेचकर अतिरिक्त कमाई करें। डेयरी के अंदर से गोबर को पानी के माध्यम से नालियों में बहाने से वे ब्लॉक हो जाएंगी। नालियों में गोबर व कचरा बहाने से पानी की निकासी की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने लोगों को समझाया कि आसपास गंदगी जमा न होने दें।
घर से निकलने वाले कचरे को अलग अलग करके रखें और डोर टू डोर आने वाले वाहन में उस कचरे को डाले। अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों से अपील की कि वे सफाई व्यवस्था के प्रति जागरूक रहें। सूखा व गीला कचरा अलग अलग करने की आदत डाले और शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। तभी हमारा शहर भारत का सबसे साफ और सुंदर शहर बनेगा और हमारे शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में अच्छा रैंक हासिल होगा।