समाधान शिविर में शिकायतों का हो रहा निवारण, आमजन उठाएं लाभ – आयुष सिन्हा

17

यमुनानगर/मोहित वर्मा
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार निगम कार्यालयों में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों में अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निवारण करने से आमजन को काफी राहत मिल रही है। समाधान शिविर में आने वाले लोग इन शिविरों के लिए प्रदेश सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त भी कर रहे हैं। निगम कार्यालयों में हर कार्य दिवस पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। नगर निगम से संबंधित किसी भी समस्या के निदान के लिए शहरवासी शिविर में अपनी शिकायत देकर समाधान करवा सकते हैं। यह बात नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने कहीं।

शुक्रवार को वह नगर निगम कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रॉपर्टी आई। परिवार पहचान पत्र, सफाई, अवैध कब्जों व अन्य समस्याओं की सुनवाई की। शिविर में अधिकतर लोग प्रॉपर्टी आईडी संबंधित समस्याओं को लेकर आ रहे हैं। जिनका स्टेट्स जांच कर समाधान किया जा रहा हैं। समाधान शिविर में निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारी से प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने के निर्देश दिए। शिविर में कुछ ऐसी शिकायतें भी आ रही है, जिनकी जांच की आवश्यकता हैं।

कुछ लोग प्रॉपर्टी आईडी के नोटिस पहुंचने पर अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने को लेकर पहुंचे। कुछ लोग किस्तों में प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की मांग की। निगम आयुक्त ने उन्हें कुछ किस्तों में टैक्स जमा करवाने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि नगर निगम से संबंधित समस्याओं के निवारण के लिए हरियाणा सरकार के निर्देशों पर जगाधरी व यमुनानगर स्थित निगम कार्यालयों में हर कार्य दिवस पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं।

हर शिकायतकर्ता की शिकायत का समाधान हो, इसलिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व मुख्य सचिव खुद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में लगाए जा रहे समाधान शिविरों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का समाधान यथाशीघ्र और समय से किया जाए। मौके पर अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव, जेडटीओ अजय वालिया, सहायक नगर योजनाकार आशीष, सहायक निगम अभियंता राजेश कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।