करनाल/सोहन पोरिया
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने शनिवार को करनाल के ट्रांसपोर्ट नगर में दुकानदारों से मुलाकात की। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ-साथ कुछ मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर उनका त्वरित समाधान करने का आश्वासन भी दिया। इस पर ट्रांसपोर्ट नगर के दुकानदारों ने उनका आभार जताया।
बता दें कि करनाल के विधायक जगमोहन आनंद निरंतर आमजन की समस्याओं को सुनते हैं। शनिवार को वह करनाल के ट्रांसपोर्ट नगर में पहुंचे। यहां ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों व ट्रांसपोर्ट नगर के दुकानदारों, मिस्त्रियों ने उनके समक्ष अपने से जुड़ी मांगे रखी। उन्होंने कुछ स्थानीय समस्याओं से भी अवगत करवाया। विधायक जगमोहन आनंद ने तत्काल अधिकारियों को इस संदर्भ में टेलीफोन पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए और समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा।
ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने विधायक जगमोहन आनंद का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विधायक ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और जल्द से जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। इससे पूर्व भी विधायक जगमोहन आनंद निरंतर सहयोग करते रहे हैं।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हरियाणा सरकार बिना भेदभाव के पूरे प्रदेश में विकास कार्य कर रही है। करनाल जिला के आमजन की समस्याओं को सुनना और मुख्यमंत्री तक पहुंचाना, उनका प्राथमिक दायित्व है। करनाल से जुड़ी जो भी वाजिब समस्याएं हैं, उन्हें जल्द से जल्द हल करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री व करनाल के सांसद मनोहर लाल के दिशा निर्देश पर तेज गति से विकास परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। परियोजनाओं का समय-समय पर रिव्यू भी किया जा रहा है।
इस मौके पर पूर्व पार्षद ईश्वर सैनी, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सुभाष कश्यप, ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य व अन्य लोग मौजूद रहे।