पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

141

एडिट : सोहन पोरिया
दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। शनिवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भूटान के राजा समेत कई बड़े नेता और हस्तियां पहुंची। कांग्रेस के तमाम नेताओं ने मनमोहन सिंह को आखिरी बार नमन किया। सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता भी निगम घाट पर पहुंचे।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, डॉ. मनमोहन सिंह जी महान व्यक्ति थे। उन्होंने हमेशा देश के लोगों के लिए काम किया और राष्ट्र निर्माण में बहुत योगदान दिया। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, यहां कई स्मारक हैं तो इसलिए एक और स्मारक बनाने में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए।

सरकार को इस पर जल्द से जल्द फैसला लेना चाहिए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को निगम बोध घाट पर नेताओं और परिवार द्वारा अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।