यमुनानगर/ मोहित वर्मा
सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा एवं जिला प्रशासन यमुनानगर के सौजन्य से तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव-2024 यमुनानगर के मॉडल टाऊन स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित किया गया है। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार के मार्गदर्शन में नगराधीश पीयुष गुप्ता ने गीता महोत्सव कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
जिला स्तरीय गीता महोत्सव कार्यक्रम में नगराधीश पीयुष गुप्ता ने कहा कि श्रीमद्भगवत गीता प्रेरणा स्त्रोत ग्रंथ है और गीता के संदेश को सभी अपने जीवन में अपनाए ताकि सभी का जीवन धन्य हो सकें। उन्होंने कहा कि गीता में कर्म का संदेश दिया गया है और कर्म मन से होता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवत गीता में संदेश दिया गया है कि निराशा का जीवन में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि गीता एक मात्र ऐसा ग्रन्थ जिसमें असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय व अधर्म पर धर्म की जीत का स्पष्टï संदेश है। उन्होंने कहा कि न्याय के लिए लड़ाई लडऩी चाहिए। उन्होंने कहा कि गीता के कर्म योग के सिंद्धात के अनुसार कर्म करना ही हमारा धर्म है।
इस अवसर पर श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति एवं जीओ गीता परिवार के नीरू चौहान, नीरज कालडा, जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी प्रतिभा भाटिया, गुरूनानक खालसा कॉलेज की प्रिंसिपल प्रतिमा शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न शिक्षण संस्थाओ के विद्यार्थी व अध्यापकगण उपस्थित थे।