यमुनानगर में निगम ने 19 बेसहारा गोवंशों को पकड़ पहुंचाया गोशाला

106

यमुनानगर/मोहित वर्मा
शहर में घूम रहे बेसहारा गोवंशों को पकड़ने के लिए नगर निगम का अभियान जारी है। सोमवार को निगम की टीमों ने नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों व मार्गाें पर घूम रहे 19 बेसहारा गोवंशो को पकड़कर गोशाला में पहुंचाया। इसमें जोन एक से 10 व जोन दो से नौ गोवंश पकड़े गए। जब तक शहर बेसहारा गोवंशों से मुक्त नहीं होता, तब तक निगम का यह अभियान जारी रहेगा।

निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर लावारिस गोवंशों को पकड़ने के लिए जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह व जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। सोमवार को सीएसआई हरजीत सिंह, एसआई अमित कंबोज, शशि व अन्य कर्मियों की टीम लावारिस गोवंशों को पकड़ने को जगाधरी जोन में पहुंची। जगाधरी के विभिन्न मार्गाें व कॉलोनियों से निगम की टीम ने 19 गोवंश पकड़े। निगम कर्मियों ने रस्सियों के माध्यम घेरा डालकर गोवंशों को पकड़कर निगम के वाहन में चढ़ाया। गोवंशों को पकड़ने के बाद उन्हें श्री गौशाला कमेटी मटका चौक जगाधरी में पहुंचाया गया।

इसी तरह सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में बनी टीम ने जोन दो के वार्ड 19 में बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया। इस टीम ने वार्ड 19 की विभिन्न कॉलोनियों से नौ बेसहारा गोवंशों को पकड़ा। निगम कर्मियों ने रस्सियों के माध्यम घेरा डालकर एक-एक गोवंश को पकड़कर निगम के वाहन में चढ़ाया। गोवंशों को पकड़ने के बाद उन्हें गोशाला में पहुंचाया गया।

उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने बताया कि नगर निगम द्वारा गोशाला प्रबंधकों को एक दिन के 30 रुपये प्रति पशु के हिसाब से चारा खर्च दिया जाता है। ताकि लावारिश पशुओं की देखरेख अच्छे से हो सके। उन्होंने बताया कि निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर लावारिस पशुओं को पकड़ने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर में घूमने वाले सभी लावारिस पशुओं को पकड़ा जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उन्हें शहरी क्षेत्र में कहीं भी कोई लावारिस पशु दिखाई दे तो उसकी फोटो खींचकर पते या लोकेशन समेत निगम के व्हाट्सएप नंबर 7082410524 पर भेजे। निगम की टीम को तुरंत मौके पर भेजकर लावारिस पशुओं को पकड़कर गोशाला पहुंचाया जाएगा।