सूर्य ऊर्जा का सबसे अच्छा स्त्रोत है- विधायक घनश्याम दास अरोड़ा

117

यमुनानगर/मोहित वर्मा
आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वाधान में सूर्य नमस्कार 2025 के तहत महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जी की जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल, जगाधरी में किया गया। जिसमें घनश्याम दास अरोड़ा माननीय विधायक यमुनानगर मुख्य अतिथि तथा स्कूल के उप-प्रधान राम गोयल व हरियाणा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश पाल विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विधायक यमुनानगर घनश्याम दास अरोड़ा द्वारा सबसे पहले महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जी को नमन किया गया तथा उपस्थित जनमानस को संबोधित करते हुए कहा गया कि सूर्य ऊर्जा का सबसे अच्छा स्त्रोत है इसी प्रकार सूर्य नमस्कार सभी जनमानस के लिए शारीरिक स्वास्थ्य प्राप्त करने का सबसे अच्छा स्त्रोत है। सूर्य नमस्कार के निरन्तर अभ्यास द्वारा व्यक्ति अपने शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है तथा रोगों से मुक्ति पा सकता है।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, यमुनानगर डा. प्रतिभा भाटिया ने मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम दास अरोड़ा का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। डा. प्रतिभा भाटिया ने संबोधन में कहा कि सूर्य नमस्कार अभियान 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद जयंती से शुरू होकर लगातार एक महीने तक चलाया जा रहा है जिसका समापन 12 फरवरी को महर्षि दयानन्द सरस्वती जयंती पर किया जायेगा। इसी कड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। पूरे जिले में आयुष योग सहायक एवं सामाजिक संस्थाओं के द्वारा सूर्य नमस्कार अभियान में लाखों की संख्या में प्रतिभागियों को सम्मिलित किया जा रहा है जोकि जिले के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के प्रधानाचार्य सुमित जिंदल द्वारा माननीय विधायक यमुनानगर तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी का धन्यवाद करते हुए कहा गया कि आयुष विभाग द्वारा स्कूल के छात्रों को सूर्यनमस्कार का अभ्यास करवाया गया है जिसका छात्रों में उत्साह देखने को मिला है। मौके पर जिला योग समन्वयक डॉ. सुनील कुमार, जिला योग विशेषज्ञ डॉ. शिव कुमार, स्कूल के कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता व विनोद गुप्ता, सुनील पंचदेव, महेन्द्र पाल, दीपक सिंगला, मोनिका, सुनैना व समस्त विभागीय सदस्य उपस्थित रहे।