यमुनानगर/मोहित वर्मा
एडीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि देश का संविधान हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का मार्ग प्रशस्त करता है। केंद्र व प्रदेश सरकार संविधान की उद्देशिका के अनुरूप आमजन को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने में अपना दायित्व निभा रही हैं, 26 नवम्बर, 1949 के दिन देश की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था।
यही वह दिन है जब संविधान बनकर तैयार हुआ था। संविधान दिवस का मतलब देश के नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है। अतिरिक्त उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिला सचिवालय के सभागार में जिला प्रशासन की ओर से देश में संविधान को अंगीकृत करते हुए 75 साल पूर्ण होने पर आयोजित सामूहिक भारत के संविधान उद्देशिका की शपथ दिलवाई। जिले की समस्त कार्यालयों एवं स्कूल व कॉलेजों आदि में भी संविधान प्रस्तावना का वाचन किया गया।
संविधान की प्रस्तावना देती है सार्थक संदेश –
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना हमें समाज के प्रति अपने अधिकारों की जानकारी का ज्ञान कराने के साथ ही सशक्त नागरिक के रूप में निभाई जाने वाली भूमिका के उद्देश्य से अवगत कराते हुए सार्थक संदेश देती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को संविधान के बारे में विस्तार से जानकारी देने के लिए इस प्रकार के आयोजन महत्ती भूमिका निभाते हैं। जीवन को किस तरीके से समाज में यापन किया जाए वह सभी प्रकार के माध्यम संविधान में निहित हैं। उन्होंने कहा कि संविधान हमारी ताकत है व हमारा गौरव है।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार युवा समाज को नई सकारात्मक दिशा देने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए लाभान्वित कर रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में जो शब्द हम भारत के लोग लिखे गए हैं वे इस बात का प्रतीक हैं कि वास्तविक स्रोत समाज के प्रबुद्ध व्यक्ति ही हैं। यह हमारे लिए समानता, स्वतंत्रता व भाईचारे का संदेश देता है। साथ ही हमसार एकता व हमारी पहचान का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें मौलिक कर्तव्यों की भी शिक्षा दी है। यह कर्तव्य हमें अपने राष्ट्र की एकता व अखंडता को बनाए रखने, पर्यावरण की रक्षा करना, हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने की जिम्मेदारी भी सौंपता है।
इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ वीरेन्द्र सिंह ढुल, एसडीएम जगाधरी सोनू राम, नगराधीश पीयूष गुप्ता,डीएसपी राजीव मिगलानी, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, डीआरओ विकास सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।