यमुनानगर/सोहन पोरिया
मौत कब और कहां आ जाए किसी को नहीं पता होता। कुछ मौतें ऐसी होती हैं जिसमें शव भी परिवार के लोगों को नसीब नहीं होता। यमुनानगर जिले के चांदपुर के रहने वाले ताहिर हुसैन हज यात्रा करने के लिए सऊदी अरब गए थे और लौटने से पहले ही उनकी मौत हो गई। एक तरफ परिवार के लोगों को गहरा झटका लगा है तो दूसरी तरफ अपने दिल को संभालते हुए परिवार के लोगों ने कहा कि नबी के शहर में उनकी मौत हुई है और उन्हें जन्नत नसीब होगी।
बता दें यमुनानगर जिले के चांदपुर के रहने वाले ताहिर हुसैन की 62 साल की उम्र में मौत हो गई है वह 8 दिसंबर को हज करने के लिए सऊदी अरब गए थे उन्हें 27 दिसंबर को हज यात्रा समाप्त कर घर लौटना था। लेकिन अचानक से उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें अटैक पड़ गया। कई घंटे सऊदी अरब के अस्पताल में रखने के बाद भी उन्हें नहीं बचाया गया और सऊदी अरब के ही कब्रिस्तान में उनको दफना दिया गया।
परिवार के लोगों ने बताया कि उनकी उम्र 62 साल थी और वह अपनी पत्नी और अपने भतीजे के साथ हज यात्रा पर गए थे। लेकिन अचानक से उनकी तबीयत बिगड़ गई जिससे उनकी मौत हो गई। परिवार के लोगों को रात करीब 8 बजे उनकी मौत की खबर लगी। एक तरफ परिवार के लोगों में उनकी मौत से गहरा सदमा है तो दूसरी तरफ परिवार के लोगों कहना है कि उनका इंतकाल नबी के शहर में हुआ है। ऐसी मौत बहुत ही नसीब के लोगों को मिलती है। उनको जरूर जन्नत नसीब होगी।
वहीं ताहिर हुसैन के शव को घर लेकर आना मुश्किल था लेकिन परिवार के लोगों का कहना है की हम भी चाहते हैं कि उनको वहीं दफनाया जाए और उनको वहां दफना भी दिया गया है। ताहिर हुसैन अपने पीछे पत्नी और 7 बच्चे भी छोड़ गए हैं।