यमुनानगर में डल्लेवाल के समर्थन में किसानों ने शुरू की भूख हड़ताल

16

यमुनानगर/सोहन पोरिया
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना ने बताया कि 10 माह से ज्यादा हो गए हैं, किसान एमएसपी की मांग को लेकर अंबाला में खनौरी बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं। पंजाब का किसान अकेला नहीं हैं। पूरे हरियाणा के किसान भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ा है। अंबाला में खनौरी बॉर्डर पर एमएसपी गारंटी कानून की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के समर्थन में यमुनानगर में किसान भी आ गए।

डल्लेवाल के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) संगठन से जुड़े किसानों ने आज लघु सचिवालय के सामने टैंट लगा दिया। किसान आज केवल एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल करेंगे।

भूख हड़ताल पर बैठने वाले 11 किसानों को फूलों के हार पहनाए गए। इसके बाद किसानों ने सरकार के खिलाफ व डल्लेवाल के समर्थन में नारेबाजी की। सांकेतिक भूख हड़ताल करने वालों में भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान संजू गुंदियाना के अलावा किसान ईश्वर सिंह, पप्पल, रीटा चहल, कृष्ण पाल सुढल, सतीश कुमार, रविंद्र, राजेश खंडवा, चंद्रपाल, महिंद्र सिंह चाहड़ो, रुपिंद्र बैठे हैं। किसान सुबह ही लघु सचिवालय के सामने अनाज मंडी गेट पर पहुंच गए और भूख हड़ताल शुरू कर दी। भूख हड़ताल व धरने के बाद किसान शाम चार बजे एमएसपी गारंटी कानून को लेकर लघु सचिवालय में जाएंगे। जहां पर डीसी को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।